खेल डेस्क. भारतीय महिला टीम ने पांच टी-20 की सीरीज के पहले मैच में मंगलवार को दक्षिण अफ्रीकी महिला टीम को 11 रन से हरा दिया। इस मैच में भारत के लिए 15 साल की शफाली वर्मा ने डेब्यू किया। वे टी-20 खेलने वाली देश की सबसे युवा महिला खिलाड़ी बनीं। गुजरात के सूरत में खेले गए इस मुकाबले में शफाली को ओपनिंग करने का मौका मिला, लेकिन वे 4 गेंद पर खाता खोले बगैर पहले ही ओवर में आउट हो गईं। शफाली को 36 साल की मिताली राज की जगह टीम में लिया गया। मिताली ने इसी महीने टी-20 से संन्यास लिया था।
दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। शफाली के साथ स्मृति मंधाना ओपनिंग करने उतरीं। वे 16 गेंद पर 21 रन बनाकर आउट हो गईं। इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर ने जेमिमा रोड्रिग्ज के साथ पारी को संभाला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 30 रन की साझेदारी की। जेमिमा 19 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं।
हरमनप्रीत कौर ने सबसे ज्यादा 43 रन बनाए
जेमिमा के बाद हरमनप्रीत ने दिप्ती शर्मा के साथ चौथे विकेट के लिए 46 रन की साझेदारी की। दिप्ती 16 और हरमनप्रीत 43 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। उन्होंने 34 गेंद की पारी में 3 चौके और 2 छक्के लगाए। इनदोनों के अलावा वेदा कृष्णमूर्ति ने 10 और तानिया भाटिया ने 11 रनों का योगदान दिया। भारत ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 130 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका के लिए शबनिम इस्माइल ने 3 और एन डी क्लर्क ने 2 विकेट अपने नाम किए।
दीप्ती शर्मा ने 3 विकेट लिए
बल्लेबाजों के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद गेंदबाजों ने बेहतर खेल दिखाया। दक्षिण अफ्रीका की टीम 19.5 ओवर में 119 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। उसके लिए मिग्नॉन डू प्रीज ने सबसे ज्यादा 59 रन बनाए। भारत के लिए दीप्ती शर्मा ने 3 विकेट अपने नाम किए। उनके अलावा शिखा पांडेय, राधा यादव और पूनम यादव ने 2-2 विकेट लिए। सीरीज का दूसरा मुकाबला 29 सितंबर को सूरत में ही खेला जाएगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2kX8Ov3
via IFTTT

No comments:
Post a Comment