खेल डेस्क. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने शुक्रवार को ईडन गार्डन्स में बंगाल क्रिकेट संघ (सीएबी) के एक कार्यक्रम में कहा, ‘मैं डे-नाइट टेस्ट में विश्वास रखता हूं। कोहली भी इसके लिए सहमत हैं। ऐसी खबरें आ रहीं थी कि वे डे-नाइट टेस्ट नहीं खेलना चाहते, जो कि सही नहीं है। जब देश का कप्तान सहमत हो जाता है, तो चीजें आसान हो जाती हैं। हम देखेंगे कि इसे कैसे आगे बढ़ाना है।’
ऐसा माना जा रहा है कि गुरुवार को चयनसमिति की बैठक से पहले गांगुली ने डे-नाइट टेस्ट को लेकर कप्तान कोहली से बात की थी। इस दौरान उपकप्तान रोहित शर्मा भी मौजूद थे। गांगुली ने कहा, ‘हम सभी डे-नाइट टेस्ट के बारे में सोच रहे हैं और जरूर कुछ करेंगे। मैं डे-नाइट टेस्ट का समर्थक हूं। मुझे नहीं पता कि ऐसा कब होगा, लेकिन जब तक मैं हूं इसके लिए जोर दूंगा।’
‘टीम ने पिछले तीन सालों में बेहतरीन प्रदर्शन किया’
टीम के पिछले कई सालों से आईसीसी टूर्नामेंट नहीं जीतने के सवाल पर बीसीसीआई अध्यक्ष ने कहा, ‘एक क्रिकेट खेलने वाला देश टेस्ट जीतने और वर्ल्ड टूर्नामेंट जीतने पर पहचाना जाता है। टीम ने पिछले तीन सालों में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। हालांकि, हम पिछले छह-सात सीजन में कोई भी वर्ल्ड टूर्नामेंट नहीं जीत सके हैं, लेकिन मुझे विश्वास है कि यह टीम एक दिन ऐसा जरूर करेगी।’
आईपीएल किसी तरह ईपीएल से कम नहीं: गांगुली
गांगुली ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) और इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) की भी तुलना की। गांगुली ने कहा, “आईपीएल अब ईपीएल की तरह दुनिया की सबसे बड़ी लीग है। लोकप्रियता और संचालन के मामले में यह किसी भी तरह से ईपीएल से कम नहीं है। मेरा काम सभी स्तरों पर क्रिकेटरों की मदद करना है, जिससे जो खिलाड़ी भारत के लिए नहीं खेलते हैं, उन्हें भी सुविधाएं मिलें।’
डे-नाइट टेस्ट पर अजहरुद्दीन ने गांगुली का समर्थन किया
दूसरी ओर पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन ने डे-नाइट टेस्ट को लेकर गांगुली का समर्थन किया है। हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अजहर ने इस बात पर खुशी जताई कि डे-नाइट टेस्ट को लेकर गांगुली और कोहली के एक विचार हैं। उन्होंने कहा, ‘यह एक अच्छा प्रयोग है। आपको पता चल जाएगा कि जनता इसे पसंद करेगी या नहीं। इसे लागू किया जाना चाहिए।’
गांगुली जब टीम में पहली बार शामिल हुए थे, तब अजहर ही कप्तान थे। उन्होंने कहा, "मैं बहुत खुश हूं कि गांगुली बीसीसीआई के अध्यक्ष बन गए हैं। वह बेहतरीन इंसानों में एक हैं।’
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2onNOPW
via IFTTT

No comments:
Post a Comment