इंटरनेशनल डेस्क. पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर वसीम अकरम को देश में चल रहे पोलियो टीकाकरण अभियान का ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया गया है। उन्हें ये जिम्मेदारी इस बीमारी को लेकर लोगों में जागरुकता फैलाने और देशभर से पोलियो का उन्मूलन करने में मदद के लिए दी गई है। पाकिस्तान दुनिया के उन तीन देशों में से एक है, जहां पोलियो के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इस साल वहां पोलियो के अबतक 72 नए मामले सामने आ चुके हैं, जिसके बाद हाल ही में 3 अक्टूबर को विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने इस बात को लेकर गहरी चिंता जताई थी।
पाकिस्तान पोलिया उन्मूलन कार्यक्रम के समन्वयक और वसीम अकरम के बीच गुरुवार को एक समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। जिसके बाद राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा अधिनियम और समन्वय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के विशेष सहायक डॉ जफर मिर्जा ने इस बारे में औपचारिक घोषणा की।
पोलियो जागरुकता कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे वसीम
समारोह के दौरान मिर्जा ने बताया कि इस समझौते के तहत वसीम अकरम पोलियो टीकाकरण जागरुकता कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा, 'पोलियो से बच्चों की रक्षा करना ही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पोलियो उन्मूलन कार्यक्रम के सच्चे हीरो 2 लाख 60 हजार पोलियो कार्यकर्ता हैं। पोलियो उन्मूलन के लिए हम एकसाथ मिलकर प्रतिज्ञा करेंगे।' मिर्जा के मुताबिक, पाकिस्तान से पोलियो को खत्म करने में वसीम अकरम एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। पाकिस्तान पोलियो प्रोग्राम के पास चुनौतियों का सामना करने के लिए सबसे अच्छा नेतृत्व है।
वसीम ने राजनीतिक दलों से मदद की अपील की
इस अवसर पर वसीम अकरम ने सभी राजनीतिक दलों और देशवासियों से भी पोलियो उन्मूलन कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, 'सभी राजनीतिक दलों को पोलियो को मिटाने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए, क्योंकि सभी बच्चों को पोलियो के वायरस से रक्षा का समान अधिकार प्राप्त है और एंटी पोलियो वैक्सीन की दो बूंदें ही इसकी रोकथाम का एकमात्र तरीका है।'
सिर्फ तीन देशों में बचा है पोलियो का वायरस
आगे वसीम ने कहा, 'आइये इस देश को पोलियो मुक्त बनाने का संकल्प लें। पोलियो के खिलाफ जीत हमारी होगी।' पोलियो उन्मूलन के लिए काम करने वाले कार्यकर्ताओं के प्रति सम्मान जताने के लिए हर साल 24 अक्टूबर को विश्व पोलियो दिवस मनाया जाता है। पाकिस्तान, अफगानिस्तान और नाइजीरिया ही ऐसे देश हैं, जहां फिलहाल पोलियो वायरस बचा हुआ है। इनमें से पाकिस्तान की हालत सबसे ज्यादा खतरनाक है, इस साल वहां अबतक पोलियो के 72 मामले सामने आ चुके हैं, जबकि पिछले साल सिर्फ 18 मामले ही सामने आए थे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2N815o2
via IFTTT
No comments:
Post a Comment