मुंबई (विनायक दुबे).ओटीटी (ओवर द टॉप) प्लेटफॉर्म पर सबसे हिट डिजिटल कंटेंट परोसने वाले नेटफ्लिक्स ने 2018 में अपनी पहली ऐसी वेब सीरीज रिलीज की जो पूरी तरह भारत में बनी थी। यह थी सेक्रेड गेम्स, जिसका हाल ही में दूसरा सीजन भी आ चुका है। इस वेब सीरीज को भारत में तो दर्शक मिले ही, दुनियाभर में इसे काफी पसंद किया गया।
नेटफ्लिक्स के अनुसार सेक्रेड गेम्स देखने वाले हर तीन दर्शकों में से दो विदेशी थे। इसी तरह अमेजन प्राइम वीडियो ने भारतीय वेब सीरीज मेड इन हेवन को 200 देशों में रिलीज किया। यह दुनियाभर में भारतीय वेब सीरीज की लोकप्रियता को बताती है। अब देश में करीब 30 ओटीटी प्लेटफॉर्म हैं। प्रोफेशनल सर्विस फर्म अर्नेस्ट एंड यंग की रिपोर्ट के मुताबिक 2019 में केवल भारत में ही करीब 1200 घंटे का ओरिजनल डिजिटल कंटेंट बनाया जाएगा।
फिल्मों और टीवी शोज की रेटिंग्स देने वाली दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित वेबसाइट इंटरनेट मूवी डेटाबेस (आईएमडीबी) की टॉप 250 टीवी शोज की लिस्ट में अब तक देश की 6 वेब सीरीज शामिल हो चुकी हैं। गौरतलब है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वेब सीरीज को भी टीवी शो माना जाता है और इस सूची में 1955 से लेकर अब तक के शोज शामिल किए जाते हैं। इन 6 वेब सीरीज में नेटफ्लिक्स का सेक्रेड गेम्स और टीवीएफ की 3 सीरीज शामिल हैं। इसमें सबसे नई एंट्री मनोज वाजपेयी स्टारर ‘द फैमिली मैन’ है। यह अमेजन प्राइम वीडियो की सीरीज है। इन वेब सीरीज के अलावा दो टीवी शो ‘महाभारत’ और ‘सत्यमेव जयते’ भी इस लिस्ट का हिस्सा हैं।
भारतीय वेब सीरीज की सफलता ओटीटी मार्केट के बढ़ते आकार में भी नजर आती है। फिक्की और ईवाय की रिपोर्ट के मुताबिक वर्ष 2018 में वीडियो स्ट्रीमिंग के भारत में करीब 24 से 30 करोड़ व्यूअर्स थे। इनमें करीब 1.5 करोड़ पेड सब्सक्रिप्शन थे। माना जा रहा है कि 2021 तक पेड सब्सक्रिप्शन्स की संख्या 3.5 करोड़ तक पहुंच जाएंगी। इसी तरह वीडियो स्ट्रीमिंग सब्सक्रिप्शन रेवेन्यू 1340 करोड़ रुपए से बढ़कर 2021 में 5050 करोड़ रुपए तक पहुंचने की संभावना है। ओरिजनल कंटेंट की मात्रा भी बढ़ने वाली है।अकेले जी-फाइव ही मार्च 2020 तक 72 नए ओरिजनल्स रिलीज करने की योजना बना रहा है।
विदेश में केबल पर भारतीय चैनल बंद कर रहे हैं
2018 के अंत में स्टार इंडिया ने अमेरिका में अपने टीवी चैनल्स केबल पर बंद कर दिए हैं और अब केवल ओटीटी प्लेटफॉर्म हॉटस्टार पर चैनल आएंगे। जी समूह भी यूरोपियन बाजार, ऑस्ट्रेलिया और फीजी के लिए ऐसी ही घोषणा कर चुका है। इसके पीछे केबल जैसे पारंपरिक डिस्ट्रीब्यूशन प्लेटफॉर्म द्वारा ज्यादा कमीशन लिया जाना है। वहीं ओटीटी प्लेटफॉर्म पर कंटेंट देना सस्ता है।
ओटीटी पर 70% कंटेंट हिन्दी में देख रहे हैं
गूगल दावा करता है यूट्यूब पर 97 फीसदी कंटेंट स्थानीय भाषाओं में देखा जा रहा है। यही ट्रेंड ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी है। यहां भी 90 फीसदी कंटेंट स्थानीय भाषा में देख रहे हैं। इसमें भी 70 फीसदी हिन्दी में देख रहे हैं। वहीं विदेश में भी भारतीय कंटेंट को पसंद किया जा रहा है, इसलिए सबटाइटल्स और डबिंग पर जोर बढ़ा है। उदाहरण के लिए नेटफ्लिक्स के सेक्रेड गेम्स के साथ 24 भाषाओं में सबटाइटल दिए गए और इंग्लिश, ब्राजीलियन, पुर्तगाली, लैटिन स्पेनिश और तुर्क भाषा में डबिंग की गई।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2N9sDe1
via IFTTT

No comments:
Post a Comment