Sunday, November 3, 2019

बांग्लादेशी खिलाड़ी मुशफिकुर ने कहा- प्रदूषण से ज्यादा भारतीय गेंदबाजों का सामना करने की चिंता थी

खेल डेस्क. बांग्लादेश ने भारत को तीन टी-20 की सीरीज के पहले मैच में 7 विकेट से हरा दिया। यह मैच रविवार को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला गया। दिल्ली में वायु प्रदूषण अति गंभीर स्तर पर था। राज्य में हेल्थ इमरजेंसी लगी है। मैच के बाद मैन ऑफ द मैच रहे मुशफिकुर रहीम ने कहा, ‘‘यहां मेरे लिए प्रदूषण कोई मुद्दा नहीं था। मुझे प्रदूषण से ज्यादा विपक्षी (भारतीय) गेंदबाजों का सामना करने की चिंता थी।’’

मुशफिकुर ने कहा, ‘‘हमने परिस्थितियों की चिंता किए बगैर मैच खेला। जब से हम भारत दौरे पर आए हैं, हमने इसी तरह के मौसम का सामना किया। यही कारण है कि हमने मैच में अच्छा प्रदर्शन किया।’’ उन्होंने कहा, ’’भारत को उसी के घर में हराने से ज्यादा अच्छा कुछ नहीं हो सकता। मेरे लिए यह बहुत मायने रखता है। मैच में सौम्य और मेरे बीच काफी अच्छा तालमेल रहा। मैंने उससे बात की और मैच को लंबा खींचने को कहा। मैं एक क्रिकेटर के तौर पर अभी काफी कुछ सीख रहा हूं।’’

मुशफिकुर-सरकार के बीच 60 रन की साझेदारी हुई
टी-20 में भारतीय टीम ने बांग्लादेश को 149 रन का लक्ष्य दिया था। इसके जवाब में बांग्लादेश टीम ने 19.3 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 154 रन बनाकर मैच जीत लिया। उसके लिए मुशफिकुर रहीम ने सबसे ज्यादा 60 और सौम्य सरकार ने 39 रन की पारी खेली। सरकार ने रहीम के साथ तीसरे विकेट के लिए 60 रन की साझेदारी की थी।

बीसीसीआई के नवनियुक्त अध्यक्ष सौरव गांगुली ने वायु प्रदूषण की अति गंभीर स्थिति के बीच मैच खेलने और शानदार प्रदर्शन करने के लिए दोनों टीमों को धन्यवाद दिया।

स्टेडियम हाउसफुल रहा
दिल्ली में मैच से पहले प्रदूषण की खासी चर्चा थी, इसके बावजूद स्टेडियम हाउसफुल रहा। प्रदूषण का आपातकालीन स्तर पर होना, खिलाड़ियों के साथ-साथ दर्शकों के लिए भी खतरनाक साबित हो सकता है। लेकिन क्रिकेट फैन्स पर इसका कोई असर नहीं दिखाई दिया और लगभग 46 हजार दर्शकों की क्षमता वाला अरुण जेटली स्टेडियम मैच शुरू होने से पहले ही पूरी तरह भर गया था।

DBApp



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
मैच में बांग्लादेश के कप्तान महमूदुल्लाह और मुशफिकुर रहीम (दाएं) नाबाद रहे।


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2WFrsWJ
via IFTTT

No comments:

Post a Comment