Sunday, November 3, 2019

भारत ने दूसरे वनडे में वेस्टइंडीज को 53 रन से हराया, पूनम राउत ने लगाया अर्धशतक

खेल डेस्क. भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने तीन मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मैच में मेजबान वेस्ट इंडीज को 53 रन से हरा दिया। रविवार को एंटीगुआ में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और निर्धारित ओवरों में 6 विकेट पर 191 रन बनाए थे। जवाब में विंडीज की महिला टीम 47.2 ओवरों में 138 रन पर ऑल आउट हो गई। भारत की ओर से पूनम राउत ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 77 रन की पारी खेली, जिसके बाद उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। ये उनके करियर की तेरहवां अर्धशतक रहा। इस मैच को जीतकर भारत ने फिलहाल सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली।

भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी 17 रन के कुल स्कोर पर उसकी दोनों ओपनर्स प्रिया पूनिया (5) और जेमिमा रोड्रिक्स (0) पवेलियन लौट गई थीं। फिर पूनम राउत ने कप्तान मिताली राज के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 66 रन की पार्टनरशिप की। मिताली 40 रन के निजी स्कोर पर आउट हुईं। इसके बाद बैटिंग करने उतरीं हरमनप्रीत कौर ने पूनम का साथ देते हुए 93 रन की साझेदारी की। हरमनप्रीत 47वें ओवर में 66 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। अगले ही ओवर में पूनम का विकेट भी गिर गया। उन्होंने 128 गेंदों पर 77 रन की पारी खेली। दीप्ति शर्मा ने 5 रन बनाए। तानिया भाटिया (9*) और झूलन गोस्वामी (1) नाबाद लौटीं। विंडीज की ओर से आलिया एलीने और एफी फ्लेचर ने 2-2 विकेट लिए।

विंडीज के लिए कैंपबेल ने बनाए सबसे ज्यादा 39 रन

लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेजबान टीम की शुरुआत भी खराब रही और 10 रन के स्कोर पर स्टेसी एनकिंग (6) के रूप में पहला विकेट गिर गया, थोड़ी देर बाद ही दूसरी ओपनर नताशा मैक्लिन (15) रिटायर्ड हर्ट हो गईं। इसके बाद कप्तान स्टेफनी टेलर (20) आउट हुईं, इससे पहले उन्होंने शेमैन कैंपबेल के साथ मिलकर 45 रन जोड़े। तीसरा विकेट चेडियन नेशन का रहा जो सिर्फ 6 रन बना सकीं। कायशोना नाइट (1) और शेनेटा ग्रीमोंडा (0) भी जल्दी आउट हो गईं। कैंपबेल आउट होने वाली छठी खिलाड़ी रहीं। उन्होंने टीम की ओर से सबसे ज्यादा 39 रन बनाए। शबिका गजनबी (7), एफी फ्लेचर (14) और आलिया एलीने (3) भी ज्यादा बड़ी पारी नहीं खेल सकीं। भारत की ओर से राजेश्वरी गायकवाड़, पूनम यादव और दीप्ति शर्मा ने 2-2 विकेट लिए।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
भारत ने दूसरा वनडे जीतकर सीरीज में फिलहाल 1-1 की बराबरी कर ली।


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2oFpid4
via IFTTT

No comments:

Post a Comment